Advertisement

बीएंडके क्षेत्रीय प्रबंधन की मनमानी के खिलाफ आरसीएमयू का फूटा गुस्सा

मांगों को लेकर करगली गेट पर विशाल धरना व प्रदर्शन का आयोजन

एन. के. सिंह​/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के करगली गेट स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष 8 अक्टूबर को इंटक से संबद्ध राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन (आरसीएमयू) नेताओं ने प्रबंधन के खिलाफ जोरदार मोर्चा खोल दिया। प्रबंधन की कथित मनमानी और पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत 19 सूत्री मांगों को लेकर यूनियन ने बीएंडके जीएम ऑफिस के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया।

धरना कार्यक्रम से पहले करगली गेट स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके उपरांत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्व. रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएंडके क्षेत्रीय अध्यक्ष दिगंबर महतो तथा संचालन कार्यकारी अध्यक्ष जयनाथ तांती द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सीसीएल स्टीयरिंग कमेटी के अध्यक्ष श्यामल कुमार सरकार के साथ -साथ कार्यकारी अध्यक्ष बृज बिहारी पांडेय, कथारा क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए आरसीएमयू रिजनल अध्यक्ष श्यामल कुमार सरकार, कार्यकारी अध्यक्ष बिरेन्द्र सिंह और क्षेत्रीय सचिव सुबोध सिंह पवार ने क्षेत्रीय प्रबंधन के रवैये पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि एजेंडा पर मीटिंग नहीं बुलाना आरसीएमयू को ललकारने के समान है। प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि प्रबंधन आगामी 27 अक्टूबर तक समस्याओ का समाधान नहीं करता है, तो आगामी 27 अक्टूबर को बीएंडके एरिया का अनिश्चितकालीन चक्का जाम करने का काम किया जायेगा।

यूनियन का आरोप है कि बीते 26 जून और 2 सितंबर को पत्र भेजकर बैठक का अनुरोध किया गया था, जिसे लगातार नजरअंदाज किया गया। धरना को प्रताप सिंह, अरूणजय सिंह, अशोक अग्रवाल और गौतम सेन गुप्ता आदि ने संबोधित किया। धरना के पश्चात प्रबंधन की ओर से विभागाध्यक्ष प्रशासन सह मानव संसाधन विनय रंजन टुडू और प्रबंधक को मांग पत्र सौंपा गया।

प्रबंधन को सौंपे गये ज्ञापन में यूनियन ने मेडिकल फिटनेस के दिन ही जॉइनिंग, ई-ऑफिस की जवाब देही और रोस्टर के सभी प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग रखी। इसके अलावा, धरना में एक विशेष प्रस्ताव पारित करते हुए महाप्रबंधक से मांग की गई कि कल्याण और खान सुरक्षा की कमेटियों को भंग कर प्रावधान के अनुसार नई कमेटी का गठन किया जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह, सीसीएल सीएमडी और बेरमो एसडीओ को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

धरना कार्यक्रम में यूनियन के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्य कर्ताओं ने हिस्सा लिया। साथ ही असंगठित इंटक के पिंटू तिवारी सहित बड़ी संख्या में कामगारों ने भाग लिया। मौके पर सुरेंद्र विश्वकर्मा, दिनेश महतो, संजय कुमार भोक्ता, संगम तिवारी, राजू मिश्रा, एसबी सिन्हा उर्फ बंटी, शांति देवी, धनंजय सिंह, सुकुमारु, संजय तिवारी, शरण सिंह राणा, राज कुमार, रितु हाड़ी, मो. हकीम, अनुज कुमार आदि मौजूद थे। कार्यक्रम का समापन कांग्रेस सेवा दल के मो. आरिफ के नेतृत्व में राष्ट्रगान के साथ किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *