एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। महाबली एंटरटेनमेंट द्वारा आयोजित मिस्टर एवं मिस ईस्ट जोन-स्टनिंग फैशन सीजन टू का भव्य ग्रैंड फिनाले बीते 30 सितंबर को झारखंड की राजधानी रांची स्थित मीडोज बैंक्वेट में आयोजित किया गया। बिहार, झारखंड और बंगाल के प्रतिभागियों ने इस फैशन शो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उक्त प्रतियोगिता में बोकारो जिला के हद में फुसरो रहिवासी सरस्वती कुमारी ने स्पेशल एपीयरेंस केटेगरी में मिस्टर्स कॉन्फिडेंस का खिताब अपने नाम किया। आयोजकों के अनुसार, सरस्वती ने रैंप पर अपने आत्मविश्वास और शानदार प्रस्तुति से निर्णायकों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
उक्त कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इसके अलावा सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों की पत्नियों समेत कई विशिष्ट अतिथियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
इस अवसर पर महाबली एंटरटेनमेंट के निदेशक रिषभ सिन्हा ने सरस्वती को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने प्रदर्शन से यह संदेश दिया कि आत्मविश्वास ही इंसान की सबसे बड़ी ताकत है। फुसरो की सरस्वती की इस उपलब्धि से उनके परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। स्थानीय रहिवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी है।
![]()













Leave a Reply