एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ 16 नवंबर की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर बोकारो जिला के हद में बेरमो कोयलांचल के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।
इस अवसर पर बेरमो प्रखंड के जरीडीह बाजार स्थित दामोदर नदी छठ घाट पर अहले सुबह से ही आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में छठ व्रती एवं श्रद्धालु नदी घाट पर पहुंचे और विधि-विधान के साथ उदियमान भगवान भास्कर (सूर्य) को अर्घ्य अर्पित किया। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भगवान भास्कर के जयकारों से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र कुमार पांडेय, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह, ढ़ोरी जीएम राजीव कुमार सिंह, बीएडके जीएम एस के झा, ढ़ोरी क्षेत्र के क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी सुरेश सिंह, जारंगडीह स्थित छठ घाट पर कथारा जीएम राजीव सिंह, क्षेत्र के अधिकारी कृष्ण मुरारी, गुरु प्रसाद मंडल, वार्ड पार्षद रश्मी सिंह सहित अन्य गणमान्य जनों ने उदयीमान सूर्य को अर्घ्य दिया।
इस अवसर पर कारो स्थित तालाब के समीप सुभाषनगर मे दोपहर को खिचड़ी का प्रसाद वितरण किया गया जिसमे बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह, कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह, कारो पीओ आर एन सिंह, मैनेजर मुख्य रूप से शामिल हुए। छठ महापर्व के अवसर पर घाट पर पूजा-अर्चना के साथ सेवा और सहयोग की भावना भी देखने को मिली। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई जगहों पर चाय के स्टॉल लगाए गए थे। अहले सुबह घाट पहुंचे श्रद्धालुओं को गर्मा गर्म चाय पिलाकर सेवा की गई।
इससे घाट पर सामाजिक सौहार्द और सहयोग का माहौल देखने को मिला। छठ घाट पर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेरमो थाना के प्रभारी थाना प्रभारी अरूण कुमार व गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय कुमार सिंह दल-बल के साथ मुस्तैद रहे। उन्होंने घाट पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। चार दिनों तक चले इस कठिन व्रत का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हो गया। इसी के साथ बेरमो कोयलांचल में भी महापर्व छठ का उल्लासपूर्ण समापन हो गया।
![]()













Leave a Reply