Advertisement

दांतू में बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा का अनावरण

पूर्व विधायक ने की कार्यक्रम का शुभारंभ, बच्चों के बीच बांटे स्कूली बैग

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दांतू में 4 अक्टूबर को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोमिया की पूर्व विधायक बबीता देवी मुख्य रूप से शामिल हुईं।

कार्यक्रम स्थल पर पूर्व विधायक का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। पूर्व विधायक ने फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया तथा प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने बाबा साहेब के विचारों और उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक बबीता देवी ने बच्चों के बीच स्कूली बैग का वितरण भी किया। बैग पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर का पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के लिए संघर्ष की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। कहा कि बाबा साहेब के विचार और संविधान निर्माण में उनका योगदान देश के लिए अमूल्य है। उनका जीवन और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सदैव समानता, न्याय और अधिकारों के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।

उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं स्थानीय ग्रामीणों को बधाई दी और कहा कि महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर झामुमो के वरीय नेता दीपक कुमार नायक ने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर ने देश को मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक समानता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित करना केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि उनके विचारों को समाज में आगे बढ़ाने का संकल्प भी है। उन्होंने समाज से बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने और शिक्षा को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं अन्य गणमान्य जनों की उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर के विचारों और उनके योगदान को याद किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *