Advertisement

डीपीएस बोकारो में मना स्वच्छ भारत दिवस, दिया गया स्वच्छ एवं हरित राष्ट्र का संदेश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में एक अक्टूबर को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो में स्वच्छ भारत दिवस का आयोजन किया गया।

बापू के सत्य, अहिंसा व स्वच्छता के संदेश को आत्मसात तथा शास्त्रीजी की सादगी को नमन करते हुए विद्यालय की सीनियर और प्राइमरी, दोनों ही इकाइयों के विद्यार्थियों ने उत्साह, ऊर्जा और समर्पण-भाव से इस महाअभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कक्षाओं की आंतरिक सफाई से लेकर पूरे विद्यालय परिसर, खेल के मैदान, पुस्तकालय और आसपास के क्षेत्रों तक चलाए गए इस सघन सफाई अभियान में डीपीएस बोकारो परिवार का प्रत्येक सदस्य एक राष्ट्र-निर्माण के सूत्र में बंधा नजर आया।

प्राइमरी विंग के नन्हे-मुन्ने बच्चे पूरे अनुशासन के साथ हाथों में ग्लव्स, चेहरे पर सेफ्टी मास्क और बदन पर एप्रोन पहनकर झाड़ू थामे नजर आए। विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा के दौरान चौथी कक्षा की छात्रा वंशिका श्रेष्ठ ने महात्मा गांधी का जीवंत रूप धारण कर अहिंसा, सत्य और स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं पांचवीं के छात्र हिरेश हितांश ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का रूप धरकर उनके सादगीपूर्ण विचारों और जय जवान, जय किसान के नारे को बुलंद किया।

कक्षा-1 के नन्हे विद्यार्थियों ने बापू के तीन बंदर विषय पर सुमधुर कविता वाचन कर सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा बच्चों ने बापू के प्रिय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति भी दी। इस क्रम में विद्यालय को रोज स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में निरंतर योगदान देने वाले चतुर्थ वर्ग कर्मचारियों एवं सफाई कर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें सम्मानपूर्वक फल वितरित किए गए।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों व शिक्षकों ने विद्यालय उद्यान में फलदार व छायादार पौधों का रोपण भी किया और अंत में सामूहिक स्वच्छता की शपथ ली।
अभियान का मार्गदर्शन कर रहे विद्यालय के प्राचार्य डॉ ए. एस. गंगवार ने कहा कि स्वच्छ शरीर में ही स्वच्छ, स्वस्थ और सकारात्मक मन का वास संभव है।

कहा कि आज के समय में स्वस्थ राष्ट्र-निर्माण के लिए स्वच्छता को हर देशवासी की आदत और सबसे बड़ा जनांदोलन बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस दिशा में विद्यालय की कटिबद्धता तथा विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर का संदेश भी दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *