स्वच्छता का संदेश, सृजन का संकल्प व् पोस्टर मेकिंग से निखरी छात्रों की प्रतिभा
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत बीते 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़े के क्रम में 30 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकतापरक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में बेस्ट फ्रॉम वेस्ट गतिविधि तथा स्वच्छता आधारित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने बताया कि विद्यालय में बेस्ट फ्रॉम वेस्ट गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने अनुपयोगी एवं बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं को अपनी कल्पनाशीलता और कौशल से उपयोगी तथा आकर्षक रूप प्रदान किया। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को अपशिष्ट के पुनः उपयोग, संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों को चित्रों और आकर्षक रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियाँ अत्यंत प्रभावी है। कहा कि बेस्ट फ्रॉम वेस्ट के माध्यम से बच्चों ने यह सिद्ध किया कि थोड़ी-सी कल्पनाशीलता और सकारात्मक सोच से अनुपयोगी वस्तुओं को भी उपयोगी बनाया जा सकता है।

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा के साथ स्वच्छता के प्रति अपने विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर दिया। हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी स्वच्छता के संदेश को विद्यालय से आगे अपने घर और समाज तक पहुंचाए तथा इसे अपने दैनिक जीवन का संस्कार बनाएँ। बताया जाता है कि स्वच्छता आधारित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कक्षा बारहवीं की प्राची सेठ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा बारहवीं की नैंसी कुमारी तथा कक्षा नौवीं की कुमारी गरिमा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा छठी की संध्या कुमारी महतो ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
बेस्ट फ्रॉम वेस्ट प्रतियोगिता में कक्षा बारहवीं के सुंदरम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा नौवीं ‘ए’ की कुमारी गरिमा ने द्वितीय स्थान, कक्षा पाँचवीं की उमेरा सिद्दीकी ने तृतीय स्थान तथा कक्षा चौथी के अद्यान इम्तियाज ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। उपरोक्त गतिविधियों को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर एस मिश्रा, सीसीए समन्वयक जितेंद्र दुबे, मीडिया प्रभारी बी के दसौंधी, राकेश रंजन, संजय महतो, प्रेम कुमार तिवारी, विकास कुमार सिंह, शिवप्रकाश सिंह, दीपक कुमार सिंह, ओंकार मिश्रा एवं राहुल कुमार की मुख्य भूमिका रही। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन से आयोजित गतिविधियाँ स्वच्छता, रचनात्मकता एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी का प्रभावशाली संदेश देने में सफल रहीं।
![]()













Leave a Reply