Advertisement

केंद्रीय विद्यालय में प्रबंधन समिति की बैठक में विद्यालय के विकास एवं समस्याओं पर चर्चा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में विद्यालय प्रबंधन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक 30 सितंबर को विद्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक में डीवीसी बोकारो थर्मल के महाप्रबंधक (प्रशासन) अलेक्जेंडर ए. कुजूर, वरिष्ठ महाप्रबंधक मनीष कुमार चौधरी एवं अन्य पदाधिकारी तथा समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के प्राचार्य डॉ बी. आर. डे ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विभिन्न गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय के समक्ष वर्तमान में आ रही विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को भी समिति के पदाधिकारियों के समक्ष रखा।

प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत सभी विषयों एवं समस्याओं को उपस्थित पदाधिकारियों और समिति के सदस्यों ने गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने विद्यालय की आवश्यकताओं पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए हर संभव सहयोग एवं सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने, पठन-पाठन की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों द्वारा दिए गए सहयोग के आश्वासन से विद्यालय के विकास एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई गई।

बैठक के अंत में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक राकेश कुमार पाठक ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों, समिति के सदस्यों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने विद्यालय के विकास में सभी के सहयोग एवं सहभागिता के लिए साधुवाद दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *