प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में 5 अक्टूबर को मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने की।
बैठक में अनुमंडल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर चर्चा की गई। इसमें बेरमो अनुमंडल के सभी थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों, वारंट, कुर्की-जब्ती, अवैध खनन, शराब कारोबार एवं दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गयी।

एसडीपीओ सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में नियमित गश्त तेज करने का निर्देश दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने को कहा। सभी अधिकारी अपने-अपने थानों की प्रगति रिपोर्ट लेकर बैठक में शामिल हुए और किस थाना से कितने केस निष्पादित हुए, इस पर समीक्षा की गई। उन्होंने अपराध की रोकथाम के लिए थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में अवैध शराब, मादक पदार्थों के कारोबार, जुआ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने, आमजनों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। बैठक में अनुमंडल के पुलिस इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी आदि मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply