Advertisement

सोनपुर में बाढ़ राहत शिविर का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया निरीक्षण

प्रभावितों के साथ किया भोजन, फसल क्षति के आकलन व् मुआवजे का दिया निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 7 सितंबर को सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित स्काउट एंड गाइड सेंटर में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित रहिवासियों से आत्मीय बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।

बताया जाता है कि मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावितों को भोजन पड़ोसने के बाद उनके साथ बैठकर स्वयं भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता की जांच की। शिविर में रह रहे पीड़ितों ने बताया कि उन्हें भोजन, आवासन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त रूप से मिल रही हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कम्युनिटी किचन, पंजीकरण-सह-नियंत्रण कक्ष और महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग आवास व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र और शैक्षणिक शिविर का भी निरीक्षण किया और बच्चों से उनकी पढ़ाई और खान-पान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि बाढ़ के कारण बच्चों की शिक्षा बाधित न हो।

स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि बीमार बाढ़ पीड़ितों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने पशुओं के लिए पर्याप्त दवाएं और चारा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि बाढ़ में डूबने से मृत रहिवासियों के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की गई है। फसल क्षति का आकलन कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह प्रभावितो के साथ खड़ी है और जिला प्रशासन द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

सोनपुर अनुमंडल क्षेत्र में बाढ़ के स्थायी समाधान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा को एक निश्चित स्ट्रेच में बांधने को लेकर केंद्रीय जल आयोग से बातचीत की गई है, ताकि हर साल होने वाली बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने बताया कि गंगा के जलस्तर में 17 से 18 सेंटीमीटर की गिरावट आई है और फरक्का बराज से लगभग 15 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। अगले दो-तीन दिनों में स्थिति में और सुधार की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने पर घर-घर जाकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा और हरसंभव राहत दी जाएगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह सहित अन्य विधायक गण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, आपदा प्रबंधन के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *