एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखण्ड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में 30 सितंबर को सेवा और समर्पण को सलाम के तहत एक भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सितंबर माह में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 8 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
जानकारी के अनुसार इस अवसर पर सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके अपने क्षेत्रीय मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए कुल 84 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।
सीसीएल मुख्यालय के जनसंपर्क विभाग के अनुसार विदाई समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय दरभंगा हाउस में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएं एवं स्मृतियां साझा की। मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में महाप्रबंधक (विद्युत एवं यांत्रिक) ईएंडएम विभाग सुचंद्रा सिन्हा, महाप्रबंधक (ई एंड टी) ईएंडटी विभाग संतोष कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक (वित्त) सतर्कता विभाग रंधीर कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) समाधान सेल विभाग गौतम चौधरी, प्रबंधक (खेल) कल्याण विभाग आदिल हुसैन, कार्यालय अधीक्षक (ओएस) ग्रेड-ए वन प्रशासन विभाग अनिल कुमार सहनी, मुख्य फार्मासिस्ट केंद्रीय अस्पताल गांधी नगर कमलेश पंडित एवं चपरासी (चिकित्सा विभाग) मोहन तांती शामिल है।
विदाई कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक(वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके वर्षों के अनुभव, मेहनत और समर्पण ने सीसीएल की कार्य संस्कृति और प्रगति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि आज का यह अवसर उनके सेवाकाल को सम्मानपूर्वक स्मरण करने के साथ-साथ उनके अनुभवों और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को नई जीवन-यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने परिवार के साथ सुखद एवं संतोषपूर्ण जीवन का आनंद लें और स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें।
समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
![]()













Leave a Reply