ऑपरेशन के तीसरे दिन से सपोर्ट के साथ चलना शुरू किया मरीज
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सदर अस्पताल बोकारो में 64 वर्षीय जगद्वान सिंह के बाएं कूल्हे के बेसिसर्वाइकल हिप फ्रैक्चर का सफल ऑपरेशन किया गया। मरीज पुरुष वार्ड में भर्ती थे। बीते 30 सितंबर को प्रोक्सिमल फेमर नेल (पीएफएन) की सहायता से फ्रैक्चर को सफलतापूर्वक फिक्स किया गया।
जानकारी के अनुसार यह ऑपरेशन सदर अस्पताल बोकारो के आर्थोपेडिक सर्जन डॉ आर. पी. सिंह द्वारा किया गया, जबकि एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ महेंद्र ने संभाली। ऑपरेशन के दौरान उपलब्ध आधुनिक सी-आर्म मशीन ने फ्रैक्चर की सही स्थिति एवं इम्प्लांट की स्थिति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहायता की।
सफल सर्जरी के बाद मरीज जगद्वान सिंह की स्थिति में संतोषजनक सुधार देखा गया है। बताया जाता है कि ऑपरेशन के तीसरे दिन 3 अक्टूबर से मरीज सिंह ने चिकित्सकीय निगरानी में सपोर्ट के साथ चलना शुरू कर दिया है, जो उनके रिकवरी की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।
उक्त सफल सर्जरी के लिए चिकित्सा टीम ने अस्पताल में बेहतर सी-आर्म मशीन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग के लिए बोकारो के सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एन. पी. सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
साथ ही एनेस्थीसिया में सहयोग के लिए डॉ महेंद्र तथा ऑपरेशन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी ओटी स्टाफ का भी धन्यवाद किया गया। ज्ञात हो कि सदर अस्पताल में इस प्रकार की जटिल ऑर्थोपेडिक सर्जरी का सफलतापूर्वक किया जाना अस्पताल में उपलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं एवं आधुनिक सुविधाओं को दर्शाता है।
![]()













Leave a Reply