प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क निर्माण की मांग को लेकर माकपा प्रतिनिधि मंडल ने पूर्व मध्य रेलवे के वरीय रेल मंडल अभियंता धनबाद से मुलाकात की।
जानकारी के अनुसार भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) गोमिया प्रखंड कमेटी के सचिव सह बोकारो जिला कमेटी सदस्य राकेश कुमार एवं जिला कमेटी सदस्य विनय महतो ने 13 नवंबर को धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल अभियंता सोनु कुमार से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र सौंपते हुए माकपा नेताओं ने धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत गोमिया रेलवे स्टेशन जाने वाली जर्जर सड़क की चर्चा वरीय मंडल अभियंता से की। उन्होंने कहा कि बैंक मोड़ गोमिया से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। सड़क में वर्षा एवं नाली का पानी का जमाव हो जा रहा है। सड़क किनारे अंधेरा छाया रहता है, जिससे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
साथ ही गोमिया धुर्वा मोड़ से स्टेशन जाने वाली सड़क का टूटना भी चालू हो गया है। इसके अलावा सेवा सदन एवं पिपराडीह से गोमिया स्टेशन पहुंचने वाली सड़क भी काफी खराब व दयनीय हालत में है। माकपा नेताओं ने वरीय मंडल अभियंता धनबाद रेल मंडल से लिखित मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि अविलंब नाली एवं लाइट समेत उपरोक्त सड़कों के निर्माण के लिए समुचित कार्रवाई की जाए। वरीय मंडल अभियंता ने माकपा नेताओं को आश्वासन दिया है कि इसी वर्ष उपरोक्त सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में माकपा के अश्विनी कुमार भी शामिल थे।
![]()













Leave a Reply