Advertisement

बाल दिवस पर केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में रंगारंग समारोह का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/​बोकारो। बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में 13 नवंबर को बाल दिवस (चिल्ड्रंस डे) पर रंगारंग समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार 14 नवंबर को महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण विद्यालय में अवकाश रहेगा, इसलिए बच्चों के इस विशेष उत्सव को आज ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी. आर. डे ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। ​समारोह की शुरुआत विधिवत पारंपरिक रूप से मुख्य अतिथि प्राचार्य एवं अन्य शिक्षकों द्वारा प्रदीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष पंचायत के उद्घाटन को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया, जिसने इस आयोजन को और अधिक विशिष्ट और प्रेरणादायक बना दिया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में ​फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस उत्सव का मुख्य आकर्षण फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही, जिसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न मनमोहक वेशभूषा में सजे-धजे बच्चे विद्यालय पहुंचे। ​कुछ नन्हें छात्र देश के पहले प्रधानमंत्री चाचा नेहरू के रूप में नजर आए। ​कुछ बच्चे डॉक्टर की वेशभूषा में सेवाभाव को प्रदर्शित करते दिखे। ​वहीं, कुछ छात्र शिक्षक के रूप में बेहद सराहनीय दिखे।

​इस अवसर पर प्राचार्य डॉ बी. आर. डे ने अपने संबोधन में देश के प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में चाचा नेहरू के अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने विशेष रूप से विज्ञान और प्रौद्योगिकी (साइंस एंड टेक्नोलॉजी) के क्षेत्र में चाचा नेहरू की दूरदर्शिता और उनके द्वारा देश में आधुनिक वैज्ञानिक संस्थानों की नींव रखे जाने के ऐतिहासिक योगदान की सराहना की। प्राचार्य ने इस सुंदर आयोजन को सफल बनाने के लिए विद्यालय के सभी शिक्षकों और विशेष रूप से उन सभी विद्यार्थियों के माता-पिता को विशेष धन्यवाद एवं बधाई दी, जिन्होंने इतनी मेहनत से बच्चों को विभिन्न आकर्षक वेशभूषाओं (फैंसी ड्रेस) में तैयार कर भेजा था।

​​कार्यक्रम का आकर्षक और सुचारू मंच संचालन विद्यालय की अंग्रेजी शिक्षिका सना परवीन द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से पूरे कार्यक्रम में समां बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में आर. के. पाठक द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। ​कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों और उपस्थित अतिथियों के बीच मिष्ठान्न का वितरण किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिवार के सहयोग से यह कार्यक्रम सभी के लिए यादगार और सफल दिवस बन गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *