प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर तैयारियां अब युद्ध स्तर पर शुरू हो गई है।
इस क्रम में जहाँ तेनुघाट के आस पास के छठ घाटों पर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। पर्व के मद्देनजर घाटों से अवांछित गंदगी और खर-पतवार को हटाने के साथ-साथ मुख्य मार्गों से लेकर घाट तक पहुँचने वाले सभी रास्तों को भी दुरुस्त किया जा रहा है, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
छठ पूजा के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और जनसैलाब को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन और पूजा समितियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, मजबूत बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती तथा पर्याप्त रोशनी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सुबह और शाम के अर्घ्य के समय किसी भी अप्रिय स्थिति या अंधेरे से उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए प्रमुख घाटों एवं मार्गों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
इस क्रम में क्षेत्र के जलाशयों की गहराई और जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित माहौल में अनुशासन के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें। स्थानीय रहिवासियों और छठ पूजा समितियों की यह प्रबल अपेक्षा है कि पर्व शुरू होने से पूर्व सभी घाटों पर रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा के तमाम कार्य समय रहते मुकम्मल कर लिए जाएं, जिससे यह महापर्व शांतिपूर्ण, भव्य और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
वहीं इसको सम्पन्न कराने में तेनुघाट पंचायत की मुखिया पति संतोष कुमार श्रीवास्तव, सामाज सेवी दीपक गुप्ता, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता एवं कार्यकर्तागण संजय कुमार शर्मा, मंटू लाल यादव, मुरली कुमार, राजन कुमार नायक, सुमित कुमार गुप्ता, बहादुर प्रसाद सहित कई गणमान्य लगे है।
![]()













Leave a Reply