एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। श्रमिक संगठन हिद मजदूर सभा (एचएमएस) से संबद्ध राष्ट्रीय कोयला मजदूर यूनियन (आरकेएमयू) ढोरी के बैनर तले जुटकर आंदोलन करने की घोषणा की। सीसीएल के कामगारों ने वाजिब हक के लिए 13 नवंबर को बोकारो जिला के हद में बेरमो कोयलांचल के ढ़ोरी जीएम कार्यालय के समीप 12 सूत्री मांग पत्र का निष्पादन करने
की प्रबंधन से मांग करते हुए नारेबाजी भी की और हुंकार भरी। कहा गया कि यदि जल्द से जल्द 12 सूत्री मांगपत्र का निष्पादन नहीं किया गया तो महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित कामगारों को संबोधित करते हुए आरकेएमयू क्षेत्रीय सचिव महारूद्र सिंह ने कहा कि प्रबंधन मजदूरों की समस्याओं का समाधान करने के प्रति गंभीर नहीं है। सीसीएल ढ़ोरी क्षेत्र के मजदूर पेयजल, बिजली, जर्जर आवास, गंदगी आदि की समस्या से परेशान हैं। इसके बावजूद क्षेत्रीय प्रबंधन को मजदूरों की सुध नहीं है। जबकि मजदूरों की बदौलत ही कोयला उत्पादन कराकर प्रबंधन मुनाफा अर्जित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोयला मजदूरों का देश के विकास में अप्रतिम योगदान है। कोयला मजदूरों की मेहनत से ही सीसीएल के प्रतिष्ठानों सहित देश के अन्य कल-कारखाने संचालित हो पा रहे हैं।
ढ़ोरी जीएम यूनिट अघ्यक्ष राजेन्द्र कुमार तथा सचिव शरद कुमार ने कहा कि सीसीएल प्रबंधन मजदूरों से काम तो ले रहा है, लेकिन वाजिब सुविधाएं उपलब्ध कराने में आनाकानी कर रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा गया कि इस क्षेत्र में जनसुविधाओं का अभाव है। यहां कामगारों की उपेक्षा की जा रही है। कामगारों को नियमानुसार पदोन्नति नहीं दी जा रही है। संवेदनशील पदों पर आसीन अधिकारियों का तबादला नहीं हो रहा है। क्षेत्र के लगभग सभी खेल मैदान को तहस-नहस कर दिया गया है।
सीसीएल प्रबंधन सिर्फ कोयला उत्पादन कराने पर ध्यान लगाए हुए हैं। जन सुविधाओं को दरकिनार कर दिया गया है। कहा गया है कि यूनियन के साथ पूर्व में किए गए समझौते को भी अबतक प्रबंधन ने लागू नहीं किया है। इसलिए क्षेत्र के मजदूरों ने आरकेएमयू के बैनर तले आंदोलन करने को कमर कस ली है। कहा कि सीसीएल प्रबंधन अपनी हठधर्मिता से बाज आए, अन्यथा सभी मजदूर अपनी चट्टानी एकता का परिचय देते हुए आंदोलन करेंगे।
मौके पर रमेश स्वर्णकार, महेन्द्र सिंह, कुणाल कुमार, विकास सिंह, अमित तिवारी, संजय सिंह, हरेंद्र बाउरी, केदार नाथ यादव, उमा शंकर महतो, जीवन राम, सुरेश रविदास, जगेश्वर महतो, संतोष दास, त्रिवेणी देवी, पारो देवी, उर्मिला देवी, काजल देवी, नेहा कुमारी, अंजली देवी, बंसती देवी, पुष्पा कुमारी, सरिता देवी सहित दर्जनो अन्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply