Advertisement

नहाय-खाय के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा शुरू

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट में भी लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया।

छठ महापर्व की शुरुआत होते ही क्षेत्र के घरों से लेकर बाजारों तक भक्तिमय माहौल देखने को मिलने लगा। सुबह से ही छठ व्रतियों ने स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही पूरी शुद्धता, पवित्रता और सात्विकता के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया।

ज्ञात हो कि, नहाय-खाय के अवसर पर छठ व्रतियों ने पारंपरिक तरीके से कद्दू-भात और चने की दाल का प्रसाद तैयार किया। इस प्रसाद को ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों ने छठ महापर्व का संकल्प लिया। छठ पूजा में स्वच्छता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है। यही वजह है कि घरों की साफ-सफाई से लेकर पूजा सामग्री और प्रसाद तैयार करने तक हर कार्य पूरी श्रद्धा और पारंपरिक नियमों के अनुसार किया जाता है। महापर्व के दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान होगा।

इस दिन व्रती दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम को स्नान के बाद भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाएगा। पूजा संपन्न होने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे तथा परिवार के सदस्यों और आसपास के तमाम धर्मानूरागियों के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

खरना के साथ ही छठ व्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *