Advertisement

रविंद्र भवन में जेएलकेएम के नव नियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान समारोह

नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और नए युवाओं को जोड़ने पर दिया जोर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी स्थित रविंद्र भवन में 3 अक्टूबर को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के बोकारो जिला के नव नियुक्त पदाधिकारियों एवं केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार महतो, पूर्व चंदनकियारी विधानसभा प्रत्याशी सह केंद्रीय महासचिव अर्जुन रजवार, महिला नेत्री बबीता कुमारी समेत पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार आयोजित सम्मान समारोह के दौरान नव नियुक्त पदाधिकारियों को माला एवं गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संगठन को मजबूत करने, पंचायत एवं बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने को लेकर चर्चा की गई।

इस अवसर पर जेएलकेएम बोकारो जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार महतो ने कहा कि नव नियुक्त पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी 2029 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से संगठन विस्तार पर काम कर रही है।
केंद्रीय महासचिव अर्जुन रजवार ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों से गांव-गांव और पंचायत स्तर तक पहुंचकर आम रहिवासियों की समस्याओं को समझने तथा संगठन से नए युवाओं को जोड़ने का आह्वान किया। कहा कि जेएलकेएम जनसरोकार के मुद्दों को लेकर लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेगा और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच काम करना होगा।

वहीं, महिला नेत्री बबीता कुमारी ने कहा कि संगठन में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। कहा कि नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी मिलने से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी। महिलाओं की समस्याओं तथा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों को संगठन के माध्यम से प्रमुखता से उठाने की बात भी उन्होंने कही।

इस दौरान जिलाध्यक्ष महतो ने चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। हालांकि, विधायक की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। कार्यक्रम में जेएलकेएम के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *