रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के सेक्टर-5 सेंटर मार्केट रहिवासी 48 वर्षीय यास्मीन निगार से 8 अक्टूबर की सुबह बोकारो क्लब के पास बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर चेन झपट ली।
बताया जाता है कि पीड़ित महिला सुबह सेक्टर-5 पुस्तकालय मैदान में मॉर्निंग वॉक करने गई थीं। वापस लौटने के दौरान बोकारो क्लब की ओर जाने वाले रास्ते पर करीब 50 मीटर आगे पहुंचते ही उक्त वारदात हुई।
पीड़ित महिला के अनुसार, लाल रंग की पैशन प्रो बाइक पर हेलमेट पहने दो युवक आगे से निकलकर करीब 25 मीटर आगे जाकर बाइक रोकने के बाद एक युवक दौड़कर पीछे से आया और चेन देने को कहा। महिला के चेन खोलने की बात कहने के दौरान आरोपी ने झपट्टा मारकर चेन छीन ली। महिला ने शोर मचाते हुए मदद के लिए आवाज लगाई। इस दौरान बदमाश ने पिस्तौल निकालकर उनके पेट में सटा दी और हल्ला करने पर जान से मारने की धमकी दी।
महिला के अनुसार बारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से पुस्तकालय मैदान की ओर फरार हो गए। वह घबराई हालत में राहगीरों से मदद मांगने लगीं। इस दौरान एक राहगीर ने रुककर घटना की जानकारी ली। वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना, सेक्टर-1 थाना की पुलिस और सिटी डीएसपी राजीव रंजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस टीम बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और संभावित भागने वाले मार्गों की भी जांच कर रही है।
सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
![]()













Leave a Reply