ग्रामीण प्रतिभाओं को राज्य व् राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की जरूरत-पूर्व विधायक
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के मधुकरपुर में 7 नवंबर को एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। बजरंग क्लब मधुकरपुर की ओर से आयोजित एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मौके पर पूर्व विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को सही अवसर मिले तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना तथा नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने बजरंग क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। मौके पर जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और खेल के प्रति रुचि बढ़ती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अभ्यास करना चाहिए।
जिप सदस्य ने बजरंग क्लब के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के टूर्नामेंट ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
टूर्नामेंट के आयोजन से मधुकरपुर क्षेत्र में खेल उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा।
![]()













Leave a Reply