Advertisement

नशा मुक्त युवा पर हाई स्कूल बगदा में पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा हाई स्कूल में 6 नवंबर को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत बोकारो नशा मुक्त युवा थीम के अंतर्गत पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन जय हिंद क्लब बरईकला द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में बोकारो के जिला युवा अधिकारी गौरव कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। नशे की लत युवाओं के भविष्य, स्वास्थ्य और परिवार को प्रभावित करती है। युवाओं को नशे से दूर रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नशामुक्त भारत अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी युवाओं को माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया तथा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से युवा अपनी प्रतिभा, विचारों और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित कर विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
वहीं प्रखंड की सीएचओ अंजली कुजूर ने नशे के कारण होने वाली शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा इंसान के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने की अपील की।

इस अवसर पर शिक्षक गंगा सागर ने कहा कि युवा समाज में जागरूकता और बदलाव के सबसे प्रभावशाली माध्यम हैं। कहा कि प्रत्येक युवा को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के रहिवासियों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना चाहिए। कहा कि सामूहिक प्रयास से ही एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने, समाज में जागरूकता फैलाने तथा देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया। साथ हीं मौके पर उपस्थित सभी युवाओं ने नशा मुक्ति दिवाली मिलन भी मनाया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *