Advertisement

दुर्गम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर से राहत, सीएम के निर्देश पर विशेष व्यवस्था

सारण में बाढ़ पीड़ितों के लिए 15 उड़ानों में 28 टन खाद्य सामग्री का एयर ड्रॉप

सारण में एयर ड्रॉपिंग से बाढ़ राहत, पहुंचाए गए 56 सौ से अधिक ड्राई राशन पैकेट

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिले के बाढ़ प्रभावित दुर्गम क्षेत्रों में फंसे पीड़ितों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एयर ड्रॉपिंग की विशेष व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग ने केंद्रीय गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय से समन्वय कर भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों की मदद ली है।

विभाग के अनुसार, जहां सड़क मार्ग से राहत पहुंचाना कठिन हो गया है, वहां हेलिकॉप्टरों के माध्यम से खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है। अब तक वायुसेना के हेलिकॉप्टरों द्वारा 15 उड़ानों में 5,600 से अधिक ड्राई राशन पैकेट के जरिए 28 टन से अधिक खाद्य सामग्री का एयर ड्रॉप किया जा चुका है।

आपदा प्रबंधन विभाग और सारण जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रभावित आबादी की जरूरत के अनुसार सड़क मार्ग के साथ-साथ वैकल्पिक माध्यमों का भी उपयोग किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक प्रभावित परिवार तक यथाशीघ्र राहत पहुंच सके। इस विशेष अभियान में वायुसेना की विभिन्न इकाइयों के पायलटों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभियान का संचालन ग्रुप कैप्टन अनुज गुप्ता एवं विंग कमांडर विशाल खत्री (गोरखपुर), स्क्वाड्रन लीडर रोहित दादरवाल एवं फ्लाइट लेफ्टिनेंट कुणाल कलमकर (बागडोगरा) तथा फ्लाइट लेफ्टिनेंट राठौड़ भरत सिंह (बागडोगरा) के नेतृत्व में किया जा रहा है।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस चुनौतीपूर्ण समय में सहयोग के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और भारतीय वायुसेना के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से चलाए जा रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *