अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी के निर्देश पर 7 अक्टूबर को जिला के हद में परसा विधान सभा एवं सोनपुर अनुमंडल के दरियापुर प्रखंड अंतर्गत हरना पंचायत के वार्ड संख्या 16 स्थित समसपुरा गांव में बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ भाजपा नेता सह सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह के नेतृत्व में राहत टीम नाव के सहारे बाढ़ के पानी से घिरे क्षेत्र में लगभग 7 किलोमीटर अंदर तक पहुंची। टीम ने प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन के साथ-साथ चावल, कढ़ी और अंडे का पका हुआ भोजन वितरित किया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह ने कहा कि बाढ़ की इस कठिन घड़ी में कोई भी प्रभावित परिवार खुद को अकेला न समझे, इसके लिए सांसद के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत कार्य चलाया जा रहा है। जहां तक संभव हो रहा है, दुर्गम इलाकों में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों को भोजन और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने तक स्थिति पर नजर रखी जाएगी और आवश्यकतानुसार आगे भी सहायता जारी रहेगी।
मौके पर पंचायत समिति सदस्य रंजय विद्यार्थी, वार्ड सदस्य बिट्टू कुमार, पूर्व मुखिया हरि सहनी, मंडल अध्यक्ष मंटू बाबा, धर्मेंद्र चौहान, संदीप कुमार, समाजसेवी रवि शंकर यादव सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण रहिवासी मौजूद थे। दूरस्थ और जलमग्न क्षेत्र में पहुंचकर राहत पहुंचाने के लिए क्षेत्र के ग्रामीणों ने सांसद राजीव प्रताप रूडी और उनकी पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया है।
![]()













Leave a Reply