Advertisement

तेनुघाट में दिवंगत पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह को देखने उमड़ी भीड़

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। गोमिया के पूर्व विधायक एवं झारखंड बिहार में मंत्री रह चुके माधव लाल सिंह का 13 मई को रांची में पल्स हॉस्पिटल में निधन हो गया। पिछले कई दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे।

उनके निधन की खबर मिलते ही गोमिया समेत पूरे बेरमो अनुमंडल में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत माधव लाल सिंह के पार्थिव शरीर को जब तेनुघाट लाया गया, तब सैकड़ों की संख्या उनके प्रशंसको की भीड़ लगी थी। उपस्थित जन समूह ने नम आंखों से उनकी विदाई दी। फूल माला से उनके पार्थिव शरीर पर स्वागत किया गया।

स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि दिवंगत जमीन से जुड़े नेता थे। वे हमेशा गरीबों की मदद किया करते थे। जब भी उनके पास कोई भी दुखी जाता था तो खुश होकर वापस आता था। ऐसे नेता अब नहीं मिलेंगे। हर जगह पर समस्या को सुलझाने में वे हर कदम आगे रहते थे। ज्ञात हो कि पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह के पार्थिव शरीर को गोमिया लाने के पूर्व झारखंड विधानसभा परिसर में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान दिवंगत नेता को गार्ड आफ ऑनर देकर अंतिम सम्मान प्रदान किया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्य के मंत्री एवं गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सहित बड़ी संख्या में विधानसभा के अधिकारी एवं कर्मचारी हिस्सा लिया।
बताया जाता है कि बीते दिनों अचानक तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें पहले बोकारो के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया था।

दिवंगत सिंह गोमिया विधानसभा क्षेत्र की राजनीति का बड़ा चेहरा माने जाते थे। उन्होंने वर्ष 1985, 1990, 2000 और 2009 में गोमिया विधान सभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी। वर्ष 2000 में बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री बने तथा झारखंड गठन के बाद 2003 में भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली। उनके पार्थिव शरीर को देखने के लिए क्षेत्र के हजारों रहिवासी एकत्रित हो गए थे और नम आंखों से उनके पार्थिव शरीर की विदाई दी। गोमिया विधानसभा के रहिवासियों का एक स्वर में कहना था कि माधव लाल सिंह गरीबों के मसीहा थे। गरीब गुरवा के स्वास्थ्य से लेकर हर तरह से मदद करने के लिए क्षेत्र के गरीब जनता के लिए तैयार रहते थे। उनके जाने से उनकी कमी दूसरा शायद कोई नेता पूरा नहीं कर सकता है।

रांची से उनके पार्थिव शरीर को उनके निवास स्थल पर लाया गया। उनके पार्थिव शरीर के साथ वर्तमान विधायक सह मंत्री योगेंद्र प्रसाद अपने दल बल के साथ मौजूद थे। साथ में बेरमो अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुवा भी थे। उनके पार्थिव शरीर रांची से लाने के क्रम में दर्जनों जगह पर गया। जहां सैकड़ो में जन उपस्थित होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और नम आंखों से विदाई दी।

मंत्री सह विधायक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि माधव लाल सिंह का निधन गोमिया के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। गोमिया क्षेत्र में लंबे समय से राजनीति किए हैं उनकी लंबी राजनीति में कई कार्यो का उल्लेखनीय योगदान रहा है। इस दु:ख की घड़ी में उनके परिवार के साथ हम खड़े हैं। इस अवसर पर तेनुघाट मुखिया नीलम श्रीवास्तव, रामचन्द्र यादव, देवनारायण यादव, मुन्ना श्रीवास्तव, जगदीश मिस्त्री सहित सैकड़ों अन्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *