रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर बोकारो पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा तक हर पहलू पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने 14 नवंबर को जिला के हद में बालिडीह स्थित गरगा डैम के समीप बने छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यालय डीएसपी ने कहा कि छठ पूजा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा एसपी द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। साथ ही आमजनों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की विवादित पोस्ट करने से बचने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
![]()













Leave a Reply