Advertisement

चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ एसपी की बैठक, ट्रैफिक पोस्ट व् साइबर सुरक्षा पर सहमति

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिले में यातायात व्यवस्था, पार्किंग, अतिक्रमण और व्यापारियों की सुरक्षा समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर 5 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चैंबर ऑफ कॉमर्स बोकारो के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की गयी। बैठक में रात्रि सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, साइबर जागरूकता और साइबर अपराध की रोकथाम पर चर्चा की गई।

बैठक में व्यापारियों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर पुलिस अधीक्षक ने गंभीरता से विचार करते हुए बेरमो थाना क्षेत्र में जल्द ट्रैफिक पोस्ट शुरू करने का निर्णय लिया। इसके लिए ट्रैफिक डीएसपी को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं चास थाना क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। बैठक में कहा गया कि अड्डेबाजी वाले स्थानों को चिन्हित कर की जा रही। कार्रवाई को और प्रभावी बनाने का निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिया गया।

बैठक में रात्रि सुरक्षा को लेकर रात्री गश्ती, रक्षक और टाइगर मोबाइल की गश्ती से संबंधित दैनिक जानकारी साझा करने पर भी सहमति बनी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को तत्काल सूचना दी जा सके। साइबर अपराध को लेकर चैंबर प्रतिनिधियों ने बोकारो पुलिस द्वारा साइबर पीड़ितों की राशि वापस कराने के प्रयासों की सराहना की। व्यापारियों की ओर से फ्रीज खातों को अनफ्रीज कराने की प्रक्रिया में सहयोग तथा साइबर अपराध, विशेषकर एपीके फ्रॉड को लेकर विशेष जागरूकता प्रशिक्षण की मांग की गई। इसके लिए साइबर प्रभारी सह पुलिस उपाधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से धमकी भरे कॉल आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शहर के चिन्हित स्थानों, प्रमुख मंदिरों और विशेषकर ज्वेलरी दुकानों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने में चैंबर सदस्यों से सहयोग की अपील की गई। चैंबर प्रतिनिधियों ने इस पर सहमति जताई और दशहरा के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस को सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में बोकारो शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और व्यापार के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस और व्यापारिक संगठनों के बीच लगातार संवाद एवं समन्वय बनाए रखने पर सहमति बनी।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *