Advertisement

गंडक नदी में संभावित जल वृद्धि को ले डीएम द्वारा संवेदनशील तटबंधों का निरीक्षण

बाढ़ नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। हाल के दिनों में भारी बारिश तथा नेपाल में हुई अतिवृष्टि के कारण गंडक नदी में लगभग चार लाख क्यूसेक पानी आने की संभावित स्थिति तथा इसके फलस्वरूप जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए जिला पदाधिकारी (डीएम) सारण वैभव श्रीवास्तव ने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को पूरी तरह सजग एवं सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

जिला पदाधिकारी ने 26 सितंबर को जिला के हद में बाढ़ प्रभावित दरियापुर प्रखंड के मगरपाल छड़की एवं जलस्तर में वृद्धि की संभावना वाले क्षेत्रों में विभिन्न तटबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित स्थलों पर बाढ़ नियंत्रण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को निर्देशित किया कि संभावित स्थिति को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण एवं सुरक्षात्मक कार्यों में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्रियों का पर्याप्त मात्रा में भंडारण सुनिश्चित करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने तटबंधों का नियमित एवं लगातार निरीक्षण तथा पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से तटबंधों पर किसी भी प्रकार के सीपेज, दरार अथवा कमजोर स्थिति की जानकारी मिलते ही तत्काल आवश्यक निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को संभावित जलवृद्धि की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने का निर्देश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *