Advertisement

केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में ई-वेस्ट ड्राइव का सफल समापन

एस. पी. सक्सेना/​बोकारो। पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल कचरे के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल में 26 से 28 अक्टूबर l तक तीन दिवसीय ई-वेस्ट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित निस्तारण में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता दर्ज कराई।

​अभियान के दौरान विद्यालय के 35 जागरुक विद्यार्थियों द्वारा कुल 44 ई-वेस्ट सामग्रियां यथा पुरानी केबल, चार्जर, खराब सर्किट, छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि विद्यालय में जमा कराई गईं। केंद्रीय विद्यालय संगठन क्षेत्रीय कार्यालय रांची के दिशा-निर्देशों एवं आदेशानुसार, एकत्र किए गए समस्त 44 ई-वेस्ट आइटम्स को आगे की आधिकारिक कार्रवाई व सुरक्षित रिसाइक्लिंग हेतु केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक एक बोकारो स्टील सिटी के सुपुर्द कर दिया गया है।

​अभियान के समापन अवसर पर 28 अक्टूबर को केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के प्राचार्य डॉ बी. आर. डे ने विस्तृत और विचारोत्तेजक संबोधन दिया। उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि ​आज हम एक ऐसी आधुनिक चुनौती का सामना कर रहे हैं, जो हमारी जीवनशैली के साथ अनजाने में हमारी प्रकृति और स्वास्थ्य पर गहरा संकट पैदा कर रही है, वह है इलेक्ट्रॉनिक कचरा यानी ई-वेस्ट। कहा कि आज जब हम विज्ञान और तकनीकी युग में आगे बढ़ रहे हैं, तो गैजेट्स का उपयोग हमारी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बन चुका है।

लेकिन, इन उपकरणों के अप्रचलित या खराब होने पर उनका उचित निस्तारण न होना पर्यावरण के लिए एक गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ​मुझे यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता है कि हमारे विद्यालय के 35 विद्यार्थियों ने इस जिम्मेदारी को समझा और आगे बढ़कर 44 ई-वेस्ट सामग्रियों को इस ड्राइव में जमा किया। यह सिर्फ कुछ पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का संकलन नहीं है, बल्कि यह हमारे बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का प्रमाण है।

प्राचार्य ने कहा कि ​ई-वेस्ट में कैडमियम, लेड, पारा और बेरिलियम जैसे खतरनाक तत्व होते हैं, जो यदि मिट्टी या पानी में मिल जाएं, तो हमारी पूरी पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) को अपूरणीय क्षति पहुंचाते हैं। इसे इधर-उधर फेंकने के बजाय इसका रिसाइकल और प्रॉपर डिस्पोजल किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन क्षेत्रीय कार्यालय रांची के कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय ने इस दिशा में एक छोटा लेकिन मजबूत कदम उठाया है। ​आइए, हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि हम न केवल विद्यालय में, बल्कि अपने घरों और आस-पास के समाज में भी ई-वेस्ट के प्रति जागरूकता फैलाएंगे। हमारे छोटे-छोटे प्रयास ही हमारी वसुंधरा को हरा-भरा और सुरक्षित रख सकते हैं। मैं इस अभियान से जुड़े सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगियों को हृदय से बधाई देता हूँ। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना ही शिक्षा का असली उद्देश्य है। इस सफल आयोजन से विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है और स्थानीय रहिवासियों ने भी इस पहल की सराहना की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *