Advertisement

अंतिम संस्कार के लिए बनारस जा रहे वाहन को कंटेनर ने मारी टक्कर, 7 की मौत

बगोदर के बिहारो गांव के एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत, आठ गंभीर

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में बगोदर प्रखंड की मुंडरो पंचायत अंतर्गत बिहारो गांव के सलैयाटांड़ टोला में 9 नवंबर को उस वक्त मातम पसर गया, जब परिवार के बुजुर्ग का अंतिम संस्कार करने बनारस जा रहे परिजन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए।

बताया जाता है कि चौपारण के आगे दनुवा घाटी में हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत पांच यात्रियों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई, जबकि इलाज के दौरान दो यात्री ने दम तोड़ दिया। वहीं इस दर्दनाक घटना में आठ के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। मृतकों में एक ही परिवार के छह सदस्य जिसमें बेटा, दमाद, जीजा, बहु शामिल बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बगोदर के बिहारो रहिवासी 80 वर्षीय कुंजो पंडित का निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार के लिए परिवार के सदस्य और ग्रामीण सवारी वाहन से बनारस जा रहे थे। वाहन में कुल 19 ग्रामीण सवार थे। इस दौरान चौपारण के दनुवा घाटी के पास शव को वाहन में बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई। बताया जाता है कि रस्सी को ठीक करने के लिए चालक ने सड़क किनारे वाहन खड़ा किया था। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर ने खड़ी सवारी वाहन में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सवारी गाड़ी दो से तीन बार पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में सवार सात की जान चली गई, जबकि आठ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

उक्त हादसे में परिवार के छोटा बेटा राजू पंडित, छोटी बहू सावित्री देवी, बड़ी बहू बुधनी देवी समेत अन्य परिजनों की मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक साथ परिवार के छह सदस्यों को खोने की खबर से बिहारो गांव सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस परिवार में बुजुर्ग के निधन के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, वहां अब एक साथ कई की मौत से मातम पसरा है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

बताया जाता है कि परिवार की छोटी बहु और छोटा बेटा मुंबई से पूरे परिवार के साथ 9 नवंबर की सुबह हीं उतरा था, ताकि पिता का दाह संस्कार किया जाएगा। लेकिन अब उनके दो बेटियां और एक लगभग तीन साल के बेटे सर्वण कुमार का माता पिता का साया उठ गया। आस पड़ोस के ग्रामीण रहिवासियों की आंखें नम हो रही है कि आखिर इन बच्चों का सहारा कौन लेगा। बच्चे लगातार रो रहे हैं। जो भी आते हैं बिलखते बच्चों का मुंह देखकर द्रवित हो रहे हैं।

उक्त हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह, जिप सदस्य दुर्गेश कुमार, मुंडरों पंचायत के पंचायत समिति सदस्य पति मनोज सिंह, लक्ष्मण महतो आदि गणमान्य पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी तथा मदद का भरोसा दिया। वहीं दूसरी ओर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो हजारीबाग सदर अस्पताल पहुंचे जहां सड़क दुर्घटना में घायलो का हाल-चाल जाना। उन्होंने घटना के प्रति गहरा शोक-संवेदना व्यक्त कर दुःख जताया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *