Advertisement

सीसीएल बीएंडके क्षेत्र में राजभाषा कार्यशाला का सफल आयोजन

प्रहरी संवाददाता/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के महिला मंडल कारगली में 24 दिसंबर को राजभाषा कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।

राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सीसीएल मुख्यालय से पधारे महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार एवं नोडल अधिकारी (राजभाषा) दिविक दिवेश ने राजभाषा हिंदी के संवैधानिक महत्व, उसकी प्रासंगिकता तथा दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के सरल, सटीक एवं प्रभावी प्रयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने उपस्थित बीएंडके क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मियों को पत्राचार, टिप्पण लेखन, प्रतिवेदन, नोटशीट एवं अन्य शासकीय कार्यों में हिंदी के व्यवहारिक उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को राजभाषा अधिनियम, नियमों एवं सीसीएल में लागू राजभाषा नीतियों की जानकारी दी, साथ ही हिंदी में कार्य करने से संबंधित शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर बेरमो कोयलांचल के ढोरी, कथारा तथा बीएंडके क्षेत्र के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने बढ़ – चढ़कर उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे कार्यशाला की सार्थक एवं उपयोगी सिद्ध हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य राजभाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं हिंदी को कार्यालयीन कार्यों की मुख्यधारा में और अधिक सशक्त बनाना रहा।

कार्यशाला में बीएंडके क्षेत्र के महाप्रबंधक सह अमला अधिकारी खनन के. एस. गैवाल, अमला अधिकारी मनोज कुमार, वरीय प्रबंधक (ढोरी एरिया) कुमारी माला, प्रबंधक (मा. सं.) संतोष दास रत्नाकर, प्रबंधक (मा. सं.) पी एन सिंह, सहायक प्रबंधक (मा. सं.) प्रेक्षा मिश्रा, शालिनी यादव, सुजाता, संजीत कुमार आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *