Advertisement

मौत के साये में जारंगडीह उत्तरी पंचायत अपर बंगला के रहिवासी-शिवपुजन सिंह

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के जारंगडीह उत्तरी पंचायत स्थित अपर बंगला के दर्जनों रहिवासी इनदिनों मौत के साये में अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं।मुहल्ले के चारों तरफ घनी झाड़ियों का फैलाव से जहरीले जीव जंतुओं का यहां बसेरा बन गया है।

उक्त जानकारी स्थानीय अपर बंगला रहिवासी सीसीएल कर्मी शिवपुजन सिंह ने 9 जुलाई को दी। उन्होंने बताया कि झाड़ियां सड़क किनारे विकराल रूपधारण कर चुकी हैं। सड़क किनारे आवागमन करते पुरुष तथा महिलाएं प्रतिदिन विषैले सांपों का सामना करते हुए इधर उधर बचते फिरते हैं।

रीजनल स्टोर कथारा के चीफ स्टोरकीपर शिवपूजन सिंह ने कहा कि स्थानीय रहिवासियों को जहरीले जीवों के प्रकोप से किसी दिन बड़ी घटना का अंजाम झेलना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में स्थानीय सीसीएल प्रबंधन से कई बार मौखिक बातें भी हुई, लेकिन उनका ध्यान झाड़ियों की कटाई पर नहीं गई। कहा कि इसी तरह अपर बंगला शिव मंदिर से आर आर शॉप एक नंबर कॉलोनी तक बहनेवाली नाली से मल मूत्र युक्त गंदे नाली का प्रदूषित पानी कॉलोनी के सड़कों पर बहती रहती है। प्रतिदिन रहिवासी बदबू का सामना करते हैं। लेकिन अभी तक जर्जर नाली की मरम्मत नहीं की गई।

सिंह के अनुसार स्थानीय प्रबंधन हमेशा फंड नहीं होने का बहाना बनाकर टाल देती है। इससे पता चलता है कि प्रबंधन को सीसीएल कर्मियों की स्वच्छता और सफाई को लेकर चिंता नहीं है। इसी मुहल्ले में शिवपूजन सिंह के अलावे मोती मिस्त्री, राकेश कुमार, अनिल सिंह, महेश प्रसाद सिन्हा, भगवान सिंह, विनय कुमार मिश्रा, पूर्व सीसीएल कर्मी सुदर्शन सिंह का परिवार, ठेकेदार कामता सिंह, संजय कुमार सिंह, विजय सिंह सहित कई निवास करते हैं। सिंह ने क्षेत्र के महाप्रबंधक एकेबी सिंह से आग्रह किया है कि सिविल विभाग को निर्देशित कर शीघ्रातिशीघ्र झाड़ियों की कटाई और नालियों की सफाई करायी जाय।

ज्ञात हो कि, खासकर शाम के समय परिवारजनों को बाहर निकलने में काफी डर बना रहता है। इन झाड़ियों में कई विषैले सांपों का बसेरा हो गया है। किसी दिन हम रहिवासियों को इन जहरीले खतरनाक सांपों के काटने से मौत संभव है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *