Advertisement

शहीद हलधर भगत की स्मृति में मित्र वाटिका में रक्त चंदन का पौधा रोपित

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के पर्यावरण-मित्र चौक स्थित पर्यावरण-मित्र वाटिका में स्थित स्वतंत्रता सेनानी स्मृति उद्यान में 20 मई को अमर स्वतंत्रता सेनानी शहीद हलधर भगत की स्मृति में रक्त चंदन का दिव्य पौधा रोपित किया गया। यह पौधा उनके जन्म स्थल झारखंड की राजधानी रांची जिला के चानहो प्रखंड स्थित सीलागाई गांव से लाई गई पवित्र मिट्टी पर लगाया गया।

स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के सदस्यों ने स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बताया गया कि इस स्मृति उद्यान में झारखंड के विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों के जन्म स्थलों से लाई गई पवित्र मिट्टी पर उनकी याद में दिव्य एवं औषधीय पौधों का रोपण किया जा रहा है।

संस्थान के महासचिव शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ ने कहा कि आने वाले बरसात के मौसम में इस उद्यान में और भी कई स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह उद्यान बोकारो ही नहीं बल्कि पूरे झारखंड के रहिवासियों के दिलों में स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति आदर, सम्मान और देशभक्ति की भावना को जागृत करेगा। पौधा रोपण कार्यक्रम में शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’, बबलू पांडेय, लक्ष्मण शर्मा, मृणाल कांत चौबे, ललित कुमार, वीरेंद्र चौबे, अभय कुमार गोलू, रोहित सिंह, अनुराग मिश्र सहित कई पर्यावरण प्रहरी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *