Advertisement

देशव्यापी मजदूर हड़ताल के समर्थन में खेग्रामस ने निकाला जुलूस

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। देशव्यापी मजदूर हड़ताल के समर्थन में 20 मई को समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के मजदूरों ने जुलूस निकाला।

क्षेत्र के मजदूर अपने-अपने काम छोड़कर ताजपुर बाजार क्षेत्र के जनता मैदान में इकट्ठा होकर अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के बैनर तले जुलूस निकाला। यहां क़र्बला मैदान में सभा का आयोजन किया।

जुलूस नारा लगाते विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः कर्बला पोखर चौक पर पहुंचकर नारेबाजी के बाद सभा में तब्दील हो गया। जहां मजदूरों एवं किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार आवाज उठाई गई। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के कारण मेहनतकश जनता का जीवन लगातार संकट में पड़ता जा रहा है।

मनरेगा को कमजोर किया जा रहा है और मजदूरों के अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। भाकपा माले जिला कमिटी सदस्य आसिफ होदा ने मनरेगा को पुनर्बहाल करने, मजदूर विरोधी एवं गुलामी का दस्तावेज बताए जा रहे चार लेबर कोड को वापस लेने, मजदूरों को 700 रुपये दैनिक मजदूरी देने, 2 दिन काम देने एवं देशभर में आंदोलनरत मजदूरों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने तथा जेल में बंद मजदूर नेताओं, कार्यकर्ताओं को रिहा करने की मांग की।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में खेग्रामस प्रखंड अध्यक्ष प्रभात रंजन गुप्ता ने बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, खाद्य सामग्री एवं आवश्यक वस्तुओं की कीमत कम करने तथा गरीबों को राहत देने की मांग की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूर, किसान, भाकपा माले एवं खेग्रामस कार्यकर्ता शामिल रहे। सभा का संचालनकर्ता मो. एजाज ने कहा कि मजदूरों-किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। मौके पर लखींद्र पासवान, मो. इस्लाम, राजकिशोर महतो, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *