एकसाथ 71 हजार 449 विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त जीवन का संकल्प
विश्व तम्बाकू निषेध दिवस से पूर्व जिले के विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के सिविल सर्जन के निर्देशानुसार एवं जिले के सभी सरकारी विद्यालयों के प्राचार्यों के सहयोग से 20 मई को जिले के 173 सरकारी विद्यालयों में तम्बाकू निषेध को लेकर सामूहिक शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार ग्रीष्मावकाश प्रारंभ होने से पूर्व आयोजित विशेष जागरूकता अभियान में कुल 71 हजार 449 विद्यार्थियों ने तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पादों से दूर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम आगामी 31 मई को आयोजित होने वाले विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के पूर्व जागरूकता अभियान के तहत आयोजित किया गया।

तम्बाकू निषेध बोकारो जिला परामर्शी मो. असलम ने बताया कि बच्चों, किशोरों एवं युवाओं को तम्बाकू की लत और उसके दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम चलाया गया। शपथ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, पान मसाला, हुक्का, ई-सिगरेट, वेपिंग, सिंथेटिक निकोटीन एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। विद्यार्थियों ने यह भी शपथ ली कि वे अपने परिवार, विद्यालय एवं समाज को तम्बाकू एवं निकोटीन मुक्त बनाने के लिए निरंतर जागरूकता फैलाएंगे तथा आमजनों को कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी एवं अन्य गंभीर रोगों के प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जानकारी दी गई कि तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पाद आकर्षक रंग, फ्लेवर, आधुनिक डिजाइन और भ्रामक प्रचार के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। ऐसे भ्रामक प्रचार से सावधान रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों को सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम-2003, झारखंड संशोधन अधिनियम-2021 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम-2019 के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
![]()













Leave a Reply