Advertisement

स्वच्छता पखवाड़ा में पौधारोपण से पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। एन.पी. टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज एवं एन.पी. संध्याकालीन स्नातक महाविद्यालय चिरा-चास बोकारो में 6 अगस्त को स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ पौधारोपण के साथ किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जानकारी के अनुसार आयोजित कार्यक्रम में एन.पी. एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष अविनाश उत्कर्ष, महाविद्यालय के सचिव प्रमोद सिंह, विभागाध्यक्ष संजीव कुमार सहित प्रो. रुपलता सिंह, भारती कुमारी, डॉ संचिता गोस्वामी, नीलू कुमारी, प्रदीप विश्वकर्मा, डॉ अखिलेश कुमार, अनामिका कुमारी, आईपी सिंह, शालिग्राम सिंह एवं अन्य शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महाविद्यालय के सचिव प्रमोद सिंह ने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक इंसान को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति हमारी छोटी-छोटी जिम्मेदारियां आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य का आधार बनेंगी।

एन.पी. एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष अविनाश उत्कर्ष ने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन को बचाने का अभियान है। उन्होंने उपस्थित जनों से आह्वान किया कि प्रत्येक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाना चाहिए। कहा कि पेड़ की देखभाल अपनी संतान की तरह करे। जब तक पौधा वृक्ष नहीं बन जाता, तब तक उसकी नियमित सेवा और संरक्षण करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।

विभागाध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पौधारोपण और वृक्षों का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवन शैली का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि एक स्वस्थ समाज और सुरक्षित भविष्य के लिए सभी को हरियाली बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित गणमान्य जनों ने स्वच्छता बनाए रखने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *