Advertisement

सारण जिला के विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर बैठक

जिला के अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन विकास को लेकर गहन विचार-विमर्श

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी की उपस्थिति में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने 24 दिसंबर को जिला समाहरणालय सभा कक्ष छपरा में बैठक की।

सारण जिला में निर्माणाधीन, प्रक्रियाधीन एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं को लेकर सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के साथ आहुत बैठक में जिला के अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन विकास को लेकर गहन विचार – विमर्श किया गया तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर स्पष्ट रुप समय का निर्धारण किया गया।

बैठक में छपरा नगर निगम सहित अन्य नगर निकायों एवं पंचायतों में साफ-सफाई तथा कचरा प्रबंधन के लिए कारगर पहल करने पर जोर दिया गया। कहा गया कि सभी सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिये लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान को रोस्टर के अनुरूप जारी रखा जायेगा। जहां से अतिक्रमण हटाया गया है, पुनः वहां अतिक्रमण नहीं हो, इसकी जिम्मेदारी संबंधित थाने की है, इसे सुनिश्चित करने को कहा गया।

कहा गया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की सतत निगरानी के लिये अनुमण्डल स्तर पर अतिक्रमण प्रबंधन समिति गठित किया जायेगा। जिसके कन्वेनर संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारी होंगे। साथ ही, विभिन्न सड़क निर्माण के कार्यकारी विभाग तथा नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी भी इस समिति में शामिल होंगे।

सड़कों के किनारे भवन निर्माण सामग्री के भंडारण के विरुद्ध भी संबंधित सड़क के कार्यकारी विभाग के पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पदाधिकारी कारगर कार्रवाई करेंगे। एनएच के रो में नियम विरुद्ध निर्माण कार्य करने वाले 1355 जिलावासियों को चिन्हित कर नोटिस दिया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के नियमानुसार रो को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिये कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। विभिन्न सड़कों के रो में यातायात बाधक बिजली के पोल को शिफ्ट करने के लिये विद्युत विभाग द्वारा कार्रवाई की जायेगी। जिला के सभी सड़कों के रो की मार्किंग सुनिश्चित की जायेगी।

बैठक में कहा गया कि जिला के हद में सभी सरकारी भूमि को सूचीबद्ध कर लैंड बैंक तैयार किया जा रहा है। इस कार्य को आगामी 15 दिनों के भीतर पूरा किया जायेगा। जिला में निर्माणाधीन विभिन्न बाईपास सड़कों के साथ सर्विस रोड का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। सड़क निर्माण के सभी कार्यकारी विभागों को जिलान्तर्गत अपने अधीनस्त सम्पूर्ण सड़कों का समेकित स्टेटस ऑडिट रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया। बगैर मानक के कहीं भी स्पीड ब्रेकर नहीं बनाया जाय, इसे सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में सभी निर्माणाधीन सड़क व पुल निर्माण परियोजनाओं का कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने का निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। इसके साथ ही जिला में अन्य प्रस्तावित योजनाओं को लेकर भी विचार विमर्श किया गया।सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाते हुये जिला के समग्र विकास की संवेदना के साथ कार्य करने को कहा गया।
बैठक में नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी तथा विभिन्न कार्यकारी विभागों – एनएच, एनएचएआई, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, विद्युत आपूर्ति आदि के अभियंतागण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *