प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार स्थित प्लस टू हाई स्कूल मैदान में आयोजित चार दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हो गया।
फाइनल मुकाबले के अवसर पर गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी के साथ गोमियां के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने जोश, साहस और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया, जिसे देखकर मैदान में मौजूद दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। खेल आयोजन ने युवाओं में खेल के प्रति सकारात्मक सोच और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को और मजबूत किया।

इस अवसर पर सांसद चौधरी ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का पाठ पढ़ाता है। कहा में सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना है। ऐसे आयोजन युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
गोमियां के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार है। इस तरह के खेल महोत्सव से प्रतिभाओं को पहचान मिलती है और वे राज्य व देश स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागियों एवं आयोजन समिति को अतिथियों द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सफल वातावरण में संपन्न हो गया।
![]()













Leave a Reply