Advertisement

अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा बोकारो प्रेस क्लब भवन, प्रशासन ने तेज की पहल

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो प्रेस क्लब भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा ठोस पहल की जा रही है।

इसी क्रम में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में 24 दिसंबर को बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में कैंप टू स्थित चिन्हित भूमि पर प्रस्तावित प्रेस क्लब भवन निर्माण को लेकर जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार एवं सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह भी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान प्रस्तावित प्रेस क्लब भवन की रूपरेखा पर विस्तार से मंथन किया गया। उपायुक्त ने बताया कि भवन में पार्किंग व्यवस्था, रेस्टूरेंट, आधुनिक वर्क स्टेशन, गेस्ट रूम और कॉन्फ्रेंस हॉल जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे पत्रकारों को कार्य करने के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण मिल सके। उन्होंने जानकारी दी कि सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय रांची से प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति एवं आवंटन को लेकर जिला स्तर से पत्राचार किया गया है।

बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने अपने सुझाव रखते हुए जिला प्रशासन की पहल की सराहना की। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि पत्रकारों के सुझावों के अनुरूप प्रेस क्लब भवन का निर्माण कराया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *