Advertisement

पलानी-नैनाटांड़ विवाद को लेकर प्रशासन सख्त, एसडीओ-एसडीपीओ ने शांति की अपील

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट ओपी क्षेत्र के पलानी बस्ती और नैनाटांड़ के ग्रामीणों के बीच उत्पन्न विवाद को लेकर 23 जून को बेरमो अनुमंडल कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। बैठक में दोनों पक्षों के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य रहिवासियों को बुलाकर आपसी सौहार्द बनाए रखने एवं क्षेत्र में शांति कायम करने की अपील की गई।

बताया जाता है कि नैनाटांड़ रहिवासी राजेश यादव की गाय बीती रात चोरी हो गई थी। ग्रामीणों द्वारा खोजबीन के दौरान नैनाटांड़ के कुछ युवकों पर पशु चोरी कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। बाद में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के बाद मामला और तनावपूर्ण हो गया।

विवाद को देखते हुए प्रशासन ने पहल करते हुए शांति समिति की बैठक बुलाई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनी और सभी से संयम बरतने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मनोज कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजनों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और कानून पर विश्वास रखने की अपील की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के अमन पसंद रहिवासियों से कानून को अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की और आगामी पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने का आग्रह किया।

उक्त बैठक में गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव महतो, अंचल अधिकारी (सीओ) आफताब आलम, बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर पिंकू यादव, पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो, कथारा ओपी प्रभारी सहित कई अधिकारीगण मौजूद थे। इसके अलावा झिड़की रहिवासी समाजसेवी मो. इसराफिल उर्फ बबनी, मो. कलीम, बेबी देवी, राजेश यादव, मुखिया पति एवं शांति समिति के सदस्य सहित कई ग्रामीण रहिवासी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *