Advertisement

मुहर्रम पर्व को लेकर कसमार थाना परिसर में शांति समिति की बैठक

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर 23 जून को बोकारो जिला के हद में कसमार थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने की। बैठक में विभिन्न जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य जनों ने भाग लिया।

बैठक में पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से बचने, सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों का प्रसार नहीं करने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।

बैठक में जरीडीह अंचल पुलिस इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह, कसमार प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी, थाना प्रभारी कुंदन कुमार, विधायक प्रतिनिधि, टांगटोना पंचायत की मुखिया सुमित्रा कुमारी सहित बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य एवं स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे।

इस अवसर पर अंचलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मुहर्रम आस्था और अनुशासन का पर्व है। सभी अमन पसंद रहिवासी प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि शांति एवं सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी ने कहा कि कसमार क्षेत्र हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का उदाहरण रहा है। उन्होंने अपील की कि पर्व के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और सामाजिक समरसता का विशेष ध्यान रखें। प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए तैयार है तथा जनसहयोग से ही किसी भी आयोजन को सफल बनाया जा सकता है।

सर्किल इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजनों से शांति बनाए रखने, जुलूस निर्धारित मार्ग से निकालने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। प्रखंड 20सूत्री अध्यक्ष दिलीप हेंब्रम ने कहा कि आपसी तालमेल कसमार मे हमेशा बना रहता है।

यहां हमेशा भाईचारा का मिसाल बना रहता है। विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम ने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी एकता, त्याग और अनुशासन का संदेश देता है। सभी समुदाय मिल-जुलकर पर्व मनाएं और क्षेत्र की सामाजिक एकता को मजबूत करें। उन्होंने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की सराहना करते हुए सभी से सहयोग की अपील की।

टांगटोना पंचायत की मुखिया सुमित्रा कुमारी ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के सभी रहिवासी हमेशा शांति और भाईचारे के साथ पर्व-त्योहार मनाते रहे हैं। इस बार भी सभी प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखेंगे। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर जिम्मेदारीपूर्वक व्यवहार करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। बैठक के अंत में सभी उपस्थित जनों ने मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *