Advertisement

डीएम ने दरिहारा उच्च विद्यालय का निरीक्षण कर दिया दो दिनों में काम पूरा करने का निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के उन्नत शिक्षा-उज्ज्वल भविष्य संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए सारण जिला प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा है। इसी कड़ी में 23 जून को सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल के दरियापुर प्रखंड के दरिहारा उच्च विद्यालय परिसर में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यहां आधारभूत सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की।

जानकारी के अनुसार सारण जिले के जिन 9 प्रखंडों यथा तरैया, मकेर, एकमा, दरियापुर, मढ़ौरा, मशरक, लहलादपुर, पानापुर एवं इसुआपुर में अब तक कोई डिग्री कॉलेज नहीं था, वहां आगामी एक जुलाई से तात्कालिक व्यवस्था के तहत चिह्नित सरकारी भवनों में कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। इस पहल से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि दरिहारा उच्च विद्यालय परिसर में डिग्री कॉलेज के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का निर्माण कार्य उम्मीद के मुताबिक नहीं है। हालांकि, चार क्लास रूम, एक प्राचार्य कक्ष और एक लैब का निर्माण पूरा हो चुका है। डीएम ने निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश दिया कि फर्श की फिनिशिंग, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण का शेष कार्य आगामी दो दिनों के भीतर हर हाल में पूरा करें। उन्होंने शौचालय निर्माण को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा।

परिसर में जल जमाव की आशंका को देखते हुए डीएम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) दरियापुर को निर्देश दिया कि पंचायत समिति से योजना स्वीकृत कर कॉलेज भवन के सामने पेवर ब्लॉक लगवाएं। पेवर ब्लॉक की ढाल इस तरह रखने को कहा गया जिससे बारिश का पानी आसानी से बाहर निकल सके।

दरिहारा उच्च विद्यालय भवन निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कार्य एजेंसी और एनएचएआई के परियोजना निदेशक को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि एक जुलाई से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान डीसीएलआर सोनपुर, बीडीओ दरियापुर, अंचलाधिकारी दरियापुर, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता सोनपुर सहित कई अन्य जिला व प्रखंड स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *