Advertisement

मोहर्रम को लेकर किरीबुरू थाना में शांति समिति की बैठक

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बीते 22 जून की संध्या पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरू थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रोहित कुमार ने की।

बैठक में मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने बताया कि किरीबुरू की मस्जिदों में मोहर्रम के अवसर पर केवल नमाज अदा की जाती है तथा यहां ताजिया जुलूस निकालने की परंपरा नहीं है। प्रशासन ने इस परंपरा को ध्यान में रखते हुए सभी से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की। उपस्थित अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा करने से बचने का आग्रह किया। साथ ही कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो ने कहा कि मोहर्रम शांति, अनुशासन और भाईचारे का प्रतीक पर्व है। उन्होंने रहिवासियों से किसी भी समस्या, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर देने की अपील की। बैठक में मुखिया पार्वती कीड़ो, रब्बे आलम, कनक मिश्रा, प्रतिमा सिंह, शानी हेस्सा, नेहा हेंब्रम, शमीम सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *