Advertisement

काशीडीह में ₹1.99 करोड़ की लागत से बनेगी सड़क, विधायक ने किया शिलान्यास

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह प्रखंड के गांगजोरी पंचायत में जोरिया पार मध्य विद्यालय से काशीडीह तक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास 23 जून को बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने किया। लगभग 1 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना क्षेत्र के रहिवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराएगी तथा ग्रामीण विकास को नई गति देगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक के साथ उनके सहयोगी साथी, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण रहुवासी उपस्थित रहे। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के गांवों को बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से गांगजोरी पंचायत के रहिवासियों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

विधायक ने कहा कि बेरमो विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार और वे लगातार कार्य कर रहे हैं। जोरिया पार मध्य विद्यालय से काशीडीह तक बनने वाली यह सड़क वर्षों पुरानी मांग थी। लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क ग्रामीणों के लिए आवागमन को सुगम बनाएगी और क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। कहा कि आने वाले दिनों में भी जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति एवं शिलान्यास के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया तथा समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराने की मांग की। विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं संवेदक को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *