रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो विधानसभा क्षेत्र के जरीडीह प्रखंड तेतरियाडीह स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महिला इकाई द्वारा 23 जून को जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महिला कांग्रेस को संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत बनाने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह, कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह, बोकारो जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर लाल महथा, झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो सहित कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज और लोकतंत्र की मजबूती संभव नहीं है। कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं को सम्मान, अधिकार और नेतृत्व देने के पक्ष में रही है तथा संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने के लिए महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाना पार्टी की प्राथमिकता है। कहा कि महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आमजनों को जागरूक करें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आता है और कांग्रेस इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

महिला नेत्री अनुपमा सिंह ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस सदैव संघर्षरत रहेगी। जिलाध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की लड़ाई का इतिहास रहा है। महिला कांग्रेस संगठन की रीढ़ है और कार्यकर्ताओं के बल पर ही पार्टी जन-जन तक अपनी विचारधारा पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन विस्तार अभियान को और तेज किया जाएगा तथा महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो ने कहा कि महिला कांग्रेस का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में महिलाओं को जागरूक, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाओं की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए महिला कांग्रेस लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती, महिला नेतृत्व के विकास तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply