Advertisement

रोटरी क्लब चास द्वारा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में 55 कर्मचारियों के आंखों की जांच

नौ कर्मियों में मोतियाबिंद के लक्षण, समय पर उपचार की दी गई सलाह

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में रोटरी क्लब चास द्वारा गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल सेक्टर-5 में 6 अगस्त को विद्यालय के बस चालकों एवं सफाई कर्मियों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों के नेत्र स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना था।

जानकारी देते हुए रोटरी क्लब चास के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि नियमित नेत्र जांच से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव है। क्लब के सचिव बिनोद चोपड़ा ने जानकारी दी कि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ दीपिका सिंह एवं उनकी टीम ने कुल 55 बस चालकों और सफाई कर्मियों की आंखों की जांच की। कहा कि जांच के दौरान 9 कर्मचारियों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए, जिन्हें शीघ्र उपचार एवं शल्य चिकित्सा के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी गई। साथ ही सभी कर्मचारियों को आंखों की नियमित जांच, संतुलित आहार और नेत्रों की उचित देखभाल के बारे में जागरूक किया गया।

इस अवसर पर डॉ दीपिका सिंह ने कहा कि दृष्टि है तो सृष्टि है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय रहते बीमारी की पहचान और उपचार का अवसर प्रदान करते हैं तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय के प्राचार्य डॉ अभिषेक ने डॉ दीपिका एवं उनकी टीम तथा रोटरी क्लब चास का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, जीजीएसईएसटी की कानूनी सलाहकार पल्लवी जरूहार, सहायक मंडल अध्यक्ष पूजा बैद, रोटरी क्लब चास के कुमार अमरदीप, संजय बैद, विपिन अग्रवाल, संजय रस्तोगी, पूर्वी केजरीवाल, ललिता चोपड़ा, ऊषा कुमार, ज्योति अग्रवाल, शैल रस्तोगी सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *