Advertisement

काली मंदिर बायपास रोड में घुटने भर जल जमाव से राहगीर बेहाल

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया मोड़ काली मंदिर बायपास रोड में घुटनों भर जल जमाव के कारण राहगीर बेहाल है। रहिवासियों ने प्रशासन से जल निकासी की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में पलिहारी गुरुडीह पंचायत स्थित काली मंदिर बायपास रोड पर बारिश होते ही घुटने भर पानी जमा हो जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है।

रहिवासियों के अनुसार पानी निकासी के लिए पहले जेसीबी से कुछ दूरी तक गड्ढा खोदा गया था, लेकिन इससे स्थिति और बदतर हो गई। सड़क पर पानी भरने से गड्ढों का पता नहीं चल पाता। इसी कारण एक बार महिलाएं गड्ढे में गिर चुकी हैं और एक ऑटो भी फंस चुका है। बायपास रोड का इस्तेमाल करने वाले राहगीरों को बारिश में खासी मुसीबत झेलनी पड़ रही है।

उक्त समस्या से प्रभावित रहिवासी बसंत जायसवाल ने रहिवासियों के साथ मिलकर 12 मई को गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव महतो, अंचल अधिकारी (सीओ) आफताब आलम और थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो से गुहार लगाई। बताया जाता है कि शिकायत मिलने पर सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे, सड़क का जायजा लिया और मापी भी की गई, ताकि नाली निकालकर जल निकासी की व्यवस्था की जा सके।

फिलहाल किसी बड़े हादसे से बचने के लिए सड़क पर बांस से बैरिकेडिंग कर दी गई है। मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुशीला देवी, वार्ड सदस्य शंभू लाल, ब्लॉक कमिटी सदस्य जितेंद्र कुमार, पंचायत सेवक, बसंत जायसवाल, सुनील चौधरी, मुकेश नायक, किशोर साव सहित दर्जनों रहिवासी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *