Advertisement

सियार काटने से घायल केशवारी के राजू गंझू की मौत

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के चांपी पंचायत अंतर्गत केशवारी गांव रहिवासी लगभग 33 वर्षीय राजू गंझू की बीते 2 अक्टूबर को मौत हो गई।

बताया जाता है कि बीते माह 11 सितंबर को बकरी चराने के दौरान सियार ने राजू को काट कर घायल कर दिया था। इस दौरान उसे बचाने पहुंचे उसके पिता सहदेव गंझू को भी सियार ने काटकर घायल कर दिया था।

युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। वहीं परिजन सहित रहिवासियों ने इलाज के दौरान समय पर आवश्यक दवा और इंजेक्शन नहीं मिलने को लेकर सवाल उठाए हैं। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद दोनों घायलों को आनन-फानन में तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। लेकिन रिम्स में भी दवा उपलब्ध नहीं होने पर बाहर से खरीद कर डॉक्टर द्वारा इलाज कराने के बाद दोनों घर लौट आए थे। इसी बीच 2 अक्टूबर को राजू की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

राजू की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, चार वर्षीय पुत्र और माता-पिता को छोड़ गए हैं। परिजनों के मुताबिक, राजू परिवार में कमाने वाले एकमात्र सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलने पर पेटरवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि आनंद कुमार प्रजापति, सोहन गंझू और सुनील घांसी ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और हिम्मत बंधाई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *