Advertisement

मुख्यमंत्री ने हाजीपुर के बाढ़ राहत शिविर का किया निरीक्षण, खुद परोसा भोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 7 सितंबर को वैशाली जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने जिला मुख्यालय हाजीपुर में संचालित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से आत्मीयता से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार वैशाली जिला के हद में गंगा ब्रिज थाना के सामने संचालित शिविर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कम्युनिटी किचन, भोजन वितरण काउंटर, निबंधन सह नियंत्रण कक्ष तथा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग रहने की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं बाढ़ पीड़ितों को भोजन परोसा, भोजन की गुणवत्ता देखी और उनसे सुविधाओं के बारे में पूछा। पीड़ितों ने व्यवस्था संतोषजनक बताई।

मुख्यमंत्री चौधरी ने शिविर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र और शैक्षणिक शिविर में बच्चों से पढ़ाई और खान-पान के बारे में जानकारी ली। स्वास्थ्य शिविर में उन्होंने चिकित्सकों से जांच और इलाज की सुविधाओं की जानकारी ली और निर्देश दिया कि बीमार होने पर बाढ़ पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सुविधा मिले। पशु चिकित्सा शिविर में उन्होंने पशुओं के लिए पर्याप्त दवा और चारा की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाढ़ में डूबने से मृत रहिवासियों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि फसल क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को समुचित मुआवजा दिया जाएगा।

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि गंगा के जलस्तर में 17 से 18 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई है। फरक्का बराज से अभी लगभग 15 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है और अगले दो-तीन दिनों में स्थिति में और सुधार की संभावना है। उन्होंने कहा कि सरकार हर स्तर पर बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और जिला प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। स्थिति सामान्य होने पर एक-एक गृह स्वामी (हाउस होल्ड) की जांच कर नुकसान का आकलन किया जाएगा। कहा कि गंगा नदी के स्ट्रेच को सीमित करने को लेकर केंद्रीय जल आयोग से भी बातचीत की गई है।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, लालगंज विधायक संजय सिंह, वैशाली विधायक सिद्धार्थ पटेल, हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा सहित अन्य वरीय अधिकारीगण मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *