Advertisement

मुख्य सड़क पर ट्रकों की पार्किंग पर रोक, नियम तोड़ने पर कार्रवाई-डीटीओ

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) बोकारो ने एक अक्टूबर को ट्रक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर भारी वाहनों की अवैध पार्किंग और सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में मोटर वाहन निरीक्षक भी मौजूद रहे।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि मुख्य सड़कों पर भारी वाहनों की अनधिकृत पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ती है। बैठक में जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़, बियाडा क्षेत्र, कांड्रा, कुर्रा तथा नया मोड़-डूगल गेट क्षेत्र में सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से उत्पन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ के बीच मुख्य सड़क पर किसी भी ट्रक या भारी वाहन को पार्क नहीं किया जाएगा। सफेद साइड लाइन के अंदर अथवा मुख्य कैरिजवे पर भी वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। वाहन चालकों को उपलब्ध ले-बाय या निर्धारित सुरक्षित पार्किंग स्थल का उपयोग करने को कहा गया।

अधिकारी ने कहा कि वाहन खराब होने या दुर्घटना के कारण सड़क पर रुक जाए तो तत्काल रिफ्लेक्टिव टेप, ट्रैफिक कोन और अन्य चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। रात में ऐसे वाहनों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने पर पीछे से आने वाले वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा रहता है। नियमों का उल्लंघन करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना और प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सभी भारी वाहनों में स्पष्ट नंबर प्लेट तथा रात के समय पार्किंग लाइट, साइड लाइट और अन्य आवश्यक लाइटिंग उपकरण चालू रखना अनिवार्य बताया गया। ट्रक एसोसिएशन ने जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ के बीच ट्रक पार्क नहीं करने और चालकों को निर्देश देने का आश्वासन दिया। एसोसिएशन ने कांड्रा, बियाडा और डूगल गेट क्षेत्र में सुरक्षित पार्किंग स्थल उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया। परिवहन विभाग ने अवैध पार्किंग के खिलाफ जांच और कार्रवाई जारी रखने की बात कही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *