Advertisement

बीएसएल ने फिर की अपील, सेक्टर-12 के 1242 असुरक्षित आवास खाली कराएं

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सेल के बीएसएल बोकारो के सेक्टर-12 के असुरक्षित घोषित आवासों को लेकर बीएसएल प्रबंधन ने वैध आवासधारियों से जल्द वैकल्पिक आवासों में शिफ्ट होने की अपील की है। बीएसएल के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने 30 सितंबर को बताया कि लगभग दो वर्ष पहले एनआईटी पटना के विशेषज्ञों से टाउनशिप के कुछ आवासों का स्ट्रक्चरल सेफ्टी सर्वे कराया गया था। इसके बाद सेक्टर बारह के 149 ब्लॉक्स के 1242 आवासों को असुरक्षित घोषित किया गया। इन आवासों में सामान्य मरम्मत से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है, इसलिए इन्हें खाली कराने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने बताया कि चिह्नित आवासों के वैध आवासधारियों को चरणबद्ध तरीके से वैकल्पिक आवास आवंटित किए जा रहे हैं। सार्वजनिक और व्यक्तिगत नोटिस के माध्यम से भी उन्हें शिफ्ट होने का आग्रह किया गया है। आवंटित वैकल्पिक आवासों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराकर ही हैंडओवर किया जा रहा है। कई आवासों की मरम्मत पूरी हो चुकी है और वे हैंडओवर के लिए तैयार हैं। धान ने कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए प्रभावित आवासधारी जल्द वैकल्पिक आवासों में शिफ्ट हों और बीएसएल प्रबंधन का सहयोग करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *