Advertisement

हमारी संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार है हिन्दी-सुमन

सोनपुर रेल मंडल में राजभाषा हिंदी पखवाड़ा का शुभारंभ

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में बीते 15 सितंबर को राजभाषा हिंदी पखवाड़ा-2025 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेलकर्मी तथा उनके परिजन उपस्थित थे।

राजभाषा पखवाड़ा के अवसर पर सोनपुर के अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती ने हिंदी भाषा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल संचार की भाषा नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, सभ्यता और राष्ट्रीय एकता का मजबूत आधार है। तांती ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित राजभाषा हिंदी पखवाड़ा के शुभारंभ के अवसर पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक कामकाज हिंदी में करें तथा राजभाषा हिंदी को व्यवहारिक जीवन में आत्मसात करें।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लिय राजभाषा संकल्प

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक तांती ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उनके नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा संकल्प दिलाया गया। संकल्प में यह प्रतिज्ञा ली गयी कि हम भारत के नागरिक, संविधान द्वारा स्थापित नियमों के अनुरूप, संप्रभुता सम्पन्न भारत संघ की भाषायी एकता को बनाए रखेंगे तथा जाति, धर्म और प्रांतीयता की भावना से ऊपर उठकर, संविधान की आठवीं अनुसूची में प्रदत्त सभी प्रांतीय भाषाओं का आदर करते हुए अपना सारा कामकाज हिंदी में करेंगे।

जानकारी के अनुसार हिंदी पखवाड़ा के दौरान मंडल कार्यालय सोनपुर में विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग, टाइपिंग प्रतियोगिता आदि शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना और कार्य संस्कृति में हिंदी की भागीदारी को और मजबूत बनाना है।
कार्यक्रम में मंडल कार्यालय के सभी अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रमुख तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने हिंदी के प्रचार-प्रसार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *